केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
मुंगावली (आरएनआई)। अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के बहादुरपुर तहसील अंतर्गत बरखेड़ा जमाल और गोरा बहादुरपुर गांव में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जुलाई महीने के अंत में आई बाढ़ ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी, जिसे हम किसी ‘प्रलय’ से कम नहीं कह सकते।
सिंधिया ने बताया कि प्रशासन की तत्परता से बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि पहले ही सिंगल क्लिक से उनके खातों में पहुंचा दी गई थी। इसी के संकेतात्मक प्रमाण पत्र उन्होंने प्रभावितों को बांटे। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 2,209 लोगों को लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये की राहत राशि दो हफ्ते के भीतर वितरित की जा चुकी है। इनमें से केवल मुंगावली विधानसभा की विभिन्न तहसीलों में लगभग 50 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
प्रशासन की सराहना
सिंधिया ने इस दौरान मुंगावली के कलेक्टर की भी जमकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि “नेता लोग अक्सर बारिश के मौसम में पर्यटन करने निकलते हैं, लेकिन मैं यहां तब आया हूं जब राहत राशि पीड़ितों के खाते में पहुंच चुकी है।”
बरखेड़ा जमाल गांव में करीब 3.5 लाख रुपये और गोरा बहादुरपुर गांव में 5 लाख रुपये की राहत राशि पहले ही पीड़ितों को दी जा चुकी है। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राहत सामग्री का भी वितरण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
1
Sad
0
Wow
0



