श्रीनगर में लश्कर मॉड्यूल पर बड़ा एक्शन: महिला समेत चार मददगार गिरफ्तार, हथियार बरामद
श्रीनगर में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार संदिग्ध मददगारों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा बुधवार रात चलाए गए ऑपरेशन के दौरान की गई, जिसमें आरोपियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी लोग आतंकी संगठनों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में शामिल थे। पकड़े गए ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) में जहूर अहमद मीर, बशीर अहमद भट और गुलाम मोहम्मद भट शामिल हैं, जबकि महिला की पहचान शाजिया मोहम्मद के रूप में हुई है। सभी आरोपी हजरतबल इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने आरोपियों के पास से एक हैंड ग्रेनेड, एके-47 राइफल की 15 गोलियां, चार मोबाइल फोन, तीन लेटरहेड और नकदी बरामद की है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने शहर और आसपास के इलाकों में अभियान तेज कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में इस संगठन से जुड़े आठ मददगारों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इससे पहले भी संयुक्त ऑपरेशन के तहत पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ की टीम ने चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने में जुटी हुई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



