कोलकाता पुलिस का स्पष्टीकरण: ममता-अभिषेक के घरों से सुरक्षा नहीं हटी, सिर्फ अतिरिक्त बल कम किया गया
कोलकाता (आरएनआई)पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद बढ़ते तनाव के बीच ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवासों से सुरक्षा हटाए जाने की खबरों पर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। कोलकाता पुलिस के आयुक्त अजय कुमार नंदा ने बताया कि दोनों नेताओं की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं की गई है, बल्कि केवल अतिरिक्त तैनात एक यूनिट को कम किया गया है। नियमित सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह पूरी तरह जारी है।
पुलिस आयुक्त ने यह भी साफ किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं और फिलहाल 65 यूनिट सुरक्षा बल तैनात हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
चुनाव के बाद हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच पुलिस ने सख्त चेतावनी भी जारी की है। नंदा ने कहा कि किसी भी जुलूस में बुलडोजर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी ऐसे कार्यों के लिए बुलडोजर उपलब्ध कराती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ज्ञानेश कुमार ने राज्य में चुनाव बाद हिंसा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



