इस्राइल-ईरान युद्ध के बीच दुबई में फंसीं सोनल चौहान, पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
मुंबई (आरएनआई)। मिडिल ईस्ट में इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब आम नागरिकों और यात्रियों पर भी पड़ने लगा है। फ्लाइट्स रद्द होने के कारण बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान दुबई में फंस गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित वापसी के लिए मदद की अपील की है।
फिल्म जन्नत से पहचान बनाने वाली सोनल चौहान ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि युद्ध की स्थिति के कारण वह दुबई में फंसी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सभी उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट मार्ग नहीं दिख रहा है। अभिनेत्री ने सरकार से सुरक्षित यात्रा के लिए मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
दरअसल, हाल ही में अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में मिसाइलें दागीं। इसके चलते खाड़ी क्षेत्र में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई एयरपोर्ट्स को अस्थायी रूप से संचालन बंद करना पड़ा, जिससे हजारों यात्री अलग-अलग देशों में फंस गए।
भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि मिडिल ईस्ट में स्थित भारतीय दूतावास और मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से सतर्क रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनल चौहान ने 2008 में ‘जन्नत’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके साथ इमरान हाशमी नजर आए थे। हाल ही में वह 2024 में रिलीज हुई बंगाली फिल्म ‘दर्द’ में दिखाई दी थीं। फिलहाल उनके प्रशंसक उनकी सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



