हिमाचल में व्यावसायिक गैस सिलिंडर कोटा 20% से बढ़कर 70%: होटल-ढाबा और उद्योगों को बड़ी राहत

Mar 29, 2026 - 11:30
 0  378
हिमाचल में व्यावसायिक गैस सिलिंडर कोटा 20% से बढ़कर 70%: होटल-ढाबा और उद्योगों को बड़ी राहत

सोलन (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने व्यावसायिक गैस सिलिंडरों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए उनका कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेशभर में होटलों, ढाबों, रेस्तरां और विभिन्न उद्योगों को अब गैस सिलिंडर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे खासतौर पर पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह व्यवस्था रविवार से लागू हो गई है। खाद्य आपूर्ति निगम के तहत जारी आदेश के बाद बद्दी स्थित गैस प्लांटों में भी व्यावसायिक सिलिंडरों की रिफिलिंग बढ़ा दी गई है। इससे पहले सीमित कोटे के कारण जहां प्रतिदिन करीब 6000 सिलिंडरों की मांग के मुकाबले केवल 1200 सिलिंडर ही उपलब्ध हो पाते थे, अब आपूर्ति बढ़कर 4000 से अधिक हो जाएगी।

नई व्यवस्था में होटल, ढाबा, रेस्तरां, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और डेयरी सेक्टर को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। इनका कोटा बढ़ाकर 43 प्रतिशत कर दिया गया है, जो पहले 36 प्रतिशत था। वहीं शिक्षण संस्थानों का कोटा 37 प्रतिशत से घटाकर 33 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल गैदरिंग, फार्मा उद्योग और सरकारी संस्थानों की कैंटीन के लिए कोटा 9 प्रतिशत से घटाकर 8 प्रतिशत कर दिया गया है।

सरकार ने इस बार कई नए उद्योगों को भी इस सुविधा में शामिल किया है, जिनमें स्टील, ऑटोमोबाइल, वस्त्र रंग-रसायन और प्लास्टिक उद्योग प्रमुख हैं। पहले इन उद्योगों को गैस सिलिंडर आवंटन में शामिल नहीं किया जाता था। हालांकि इसके लिए यह शर्त रखी गई है कि संबंधित उद्योग रोजगार उपलब्ध कराते हों और जरूरी सेवाओं से जुड़े हों।

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रवण हिमालयन ने बताया कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश के होटल कारोबारियों और उद्योगपतियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि तय कोटे से अधिक सिलिंडरों का आवंटन न हो और सभी उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी में पंजीकृत हों।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.