भाजपा के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के नए मेयर, आप-कांग्रेस गठबंधन बिखरा

Jan 29, 2026 - 12:54
 0  216
भाजपा के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के नए मेयर, आप-कांग्रेस गठबंधन बिखरा

चंडीगढ़ (आरएनआई)। चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर पद पर एक बार फिर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। गुरुवार को हुए मेयर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी विजयी घोषित किए गए। इस चुनाव ने आप और कांग्रेस के बीच बने संभावित समीकरणों को भी तोड़ दिया, क्योंकि मतदान के दौरान दोनों दल एकजुट नजर नहीं आए।

निगम सदन में प्रिजाइडिंग अफसर रमणीक बेदी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस बार मतदान हाथ उठाकर कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई ताकि किसी तरह की धांधली की आशंका न रहे। सबसे पहले कांग्रेस उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गाबी के लिए मतदान हुआ, लेकिन आम आदमी पार्टी ने उनका समर्थन नहीं किया। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी के पक्ष में मतदान कराया गया, जिसमें उन्हें 18 वोट मिले। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के लिए मतदान के बाद सदन से वॉकआउट कर दिया।

अंत में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा के लिए मतदान हुआ, जिन्हें 11 वोट प्राप्त हुए। पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत देने वाले पार्षद रामचंद्र यादव ने भी ढींगरा के पक्ष में ही मतदान किया। कुल मिलाकर परिणाम स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में गया और सौरभ जोशी नए मेयर चुने गए।

मेयर चुनाव के बाद हुए सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनावों में भी भाजपा को सफलता मिली। सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के जसमनप्रीत सिंह विजयी रहे, जबकि डिप्टी मेयर पद भाजपा की सुमन देवी ने जीता। इस तरह तीनों प्रमुख पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया।

पद संभालने के बाद सौरभ जोशी ने भावुक संबोधन दिया। उन्होंने अपनी जीत को व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी बताया। जोशी ने अपने पिता के सामाजिक जीवन और सेवा भाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से ही सीखा कि राजनीति से पहले इंसानियत को रखना चाहिए। उन्होंने संघर्ष भरे अपने 14 वर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मंच और पहचान देर से मिली, लेकिन धैर्य और सेवा के रास्ते ने उन्हें यहां तक पहुंचाया।

जोशी ने अपने परिवार, मित्रों, वार्ड के बुजुर्गों और युवाओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के विश्वास की जीत है जिन्होंने उनका साथ दिया। उन्होंने सदन में पक्ष और विपक्ष से ऊपर उठकर काम करने का संकल्प जताया और कहा कि चंडीगढ़ को संवेदनशील, ईमानदार और न्यायपूर्ण शहर बनाने के लिए सभी पार्षदों का सहयोग जरूरी होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.