सड़क हादसों में संतों की असुरक्षा: पालघर में 21 वर्षीय जैन मुनि नम्ररत्न विजयजी की समाधि

Sunday, March 15, 2026 - 20:31
Updated: 6 months ago
0
सड़क हादसों में संतों की असुरक्षा: पालघर में 21 वर्षीय जैन मुनि नम्ररत्न विजयजी की समाधि

गुजरात (आरएनआई) हमारे देश भारत को संतों की भूमि कहा जाता है, जहाँ संत-महात्मा सदैव पूजनीय रहे हैं और समाज उन्हें श्रद्धा व सम्मान की दृष्टि से देखता है। लेकिन विडंबना यह है कि आज उसी देश में विहार कर रहे संत-साधु कई बार सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

ऐसी कई घटनाएँ समय-समय पर सामने आती रही हैं। वर्ष 2009 में प्रख्यात जैन मुनि पंडित जम्बूविजयजी महाराज की पदयात्रा के दौरान सड़क हादसे में समाधि हो गई थी। इसके बाद 2017 में गुजरात के भावनगर में एक जैन साध्वी की भी तेज रफ्तार कार की टक्कर से मृत्यु हो गई थी। वहीं अप्रैल 2025 में झारखंड के रांची में आर्यिका गुरुमति माताजी के संघ की साध्वियों को एक कार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें एक माताजी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। ऐसी और भी अनेक घटनाएँ समय-समय पर सामने आती रही हैं। ये तो केवल कुछ उदाहरण मात्र हैं।

इन घटनाओं के बावजूद सड़कों पर विहार करने वाले संतों की सुरक्षा को लेकर अभी तक कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं देती।

इसी क्रम में एक और दुखद घटना सामने आई है। 21 वर्षीय जैन मुनि नम्ररत्न विजयजी महाराज की महाराष्ट्र के पालघर जिले में सड़क दुर्घटना में समाधि हो गई। वे अपने साथियों के साथ धार्मिक पदयात्रा पर थे और विरार के पास भालीवली पुल के निकट अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पदयात्रा कर रहे मुनि श्री से जा टकराया। गंभीर रूप से घायल मुनि श्री की उपचार से पहले ही समाधि हो गई।

मुनि नम्ररत्न विजयजी महाराज ने वर्ष 2020 में दीक्षा ग्रहण की थी और कम आयु में ही संयम जीवन का पालन कर रहे थे। इस दुखद घटना से जैन समाज में गहरा शोक है।

विहार के दौरान किन-किन सावधानियों का पालन किया जाए, जिससे ऐसी दुर्घटनाएँ कम हों — इस विषय पर अपने सुझाव कमेंट बॉक्स में अवश्य दें।
आपके सुझाव समाज के जिम्मेदार लोगों और प्रशासन तक पहुँच सकें, ताकि भविष्य में जैन संतों के सुरक्षित विहार के लिए ठोस नीति बनाई जा सके।
इस महत्वपूर्ण विषय को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए इस पोस्ट को जरूर शेयर करें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User