हिमाचल में मई की शुरुआत में ही ज्यादा बारिश: 5 दिन में 28% अधिक बरसे बादल, अगले हफ्ते फिर बदलेगा मौसम
शिमला (आरएनआई) हिमाचल प्रदेश में मई की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, महीने के पहले पांच दिनों में प्रदेश में सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 से 6 मई के बीच जहां 13.9 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, वहीं इस बार 17.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश हुई है। बिलासपुर में 367 फीसदी, सिरमौर में 336 फीसदी, ऊना में 317 फीसदी, सोलन में 304 फीसदी और शिमला में 284 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में भी औसत से काफी ज्यादा वर्षा हुई है। हालांकि चंबा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटों में भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शिमला में 17.6 मिमी, नाहन में 13.2 मिमी और सोलन व पालमपुर में करीब 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। फिलहाल राजधानी शिमला में धूप के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 6 और 7 मई को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 8 से 10 मई तक मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि 11 और 12 मई को फिर से कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
तापमान की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 8.2 डिग्री और कल्पा में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं ऊना, बिलासपुर और पांवटा साहिब जैसे मैदानी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



