हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज, जश्न के दौरान तिरंगे के अपमान का आरोप

Mar 12, 2026 - 11:34
 0  648
हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज, जश्न के दौरान तिरंगे के अपमान का आरोप

बंगलूरू (आरएनआई): हार्दिक पांड्या के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि जश्न के दौरान उन्होंने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटकर अनुचित तरीके से इस्तेमाल किया। इस मामले में पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इन वीडियो में पांड्या कंधे पर तिरंगा लपेटे मैदान पर दौड़ते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक वीडियो में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए नजर आते हैं और उस समय भी उनके शरीर पर राष्ट्रीय ध्वज लिपटा हुआ था, जो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।

वकील वाजिद खान बिडकर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है और इसके लिए कानून भी बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करते समय राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े प्रावधानों का हवाला दिया गया है। उनका कहना है कि जीत के जश्न में भी राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में पुलिस ने यह कहते हुए शिकायत दर्ज करने में संकोच जताया कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए वहीं शिकायत की जानी चाहिए। हालांकि शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा से जुड़ा मामला देश के किसी भी हिस्से में उठाया जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर उसकी कॉपी भी दे दी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

दूसरी ओर हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप जीत को अपने व्यक्तिगत संकल्प की पूर्ति बताया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और टीम आगे भी ट्रॉफियां जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। पांड्या के अनुसार 2024 में बारबाडोस में मिली जीत के बाद उन्होंने खुद से वादा किया था कि वह जिस भी टूर्नामेंट में खेलेंगे, जीतने के लिए खेलेंगे और ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेंगे।

32 वर्षीय पांड्या ने ICC Men's T20 World Cup 2026 में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने नौ विकेट लिए और अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बल्लेबाजी में भी उन्होंने कई मैचों में तेज और प्रभावशाली पारियां खेलीं। उनके इसी प्रदर्शन के चलते उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में भी जगह दी गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.