महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए हरदोई पुलिस का व्यापक जागरूकता अभियान
हरदोई (आरएनआई) महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त करने के उद्देश्य से हरदोई पुलिस ने ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के तहत एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत महिला बीट आरक्षियों ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा और कानून संबंधी जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिला आरक्षियों ने 21 गाँवों में चौपाल लगाकर 285 महिलाओं और युवतियों से संवाद किया। उन्हें POCSO अधिनियम, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न से बचाव और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही दो पीड़ित महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी काउंसलिंग की गई और उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
पुलिस ने विद्यालयों और कॉलेजों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, और हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 1098, 1930) के प्रयोग की जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मरक्षा के बुनियादी उपायों से भी अवगत कराया गया।
एंटी रोमियो स्क्वाड ने अभियान के दौरान 47 स्थानों पर चेकिंग कर 540 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और असामाजिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जिले के विभिन्न थानों में स्कूली छात्राओं को एक दिन के लिए जनशिकायत अधिकारी बनाया गया, जिससे उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली और नागरिक शिकायत निस्तारण प्रक्रिया की जानकारी मिली।
ग्रामीण इलाकों में पुलिस टीमों ने कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत महिलाओं को अवैध शराब, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें स्थानीय बीट नंबर, अधिकारी के मोबाइल नंबर और महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी असामाजिक या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबर पर दें। हरदोई पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज की दिशा में जन-आंदोलन है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



