कछौना में 'बड़े मंगल' की धूम, भक्ति के रंग में रंगा नगर, छोले-चावल के भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

Tuesday, May 5, 2026 - 19:46
Updated: 3 months ago
0
कछौना में 'बड़े मंगल' की धूम, भक्ति के रंग में रंगा नगर, छोले-चावल के भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

कछौना, हरदोई (आरएनआई) ज्येष्ठ मास के प्रथम मंगलवार यानी 'बड़े मंगल' के अवसर पर कछौना नगर पूरी तरह बजरंगबली की भक्ति में डूबा नजर आया। गर्मी और तपती धूप पर भक्तों की आस्था भारी पड़ी। नगर में जगह-जगह आयोजित भंडारों ने न केवल राहगीरों की प्यास बुझाई, बल्कि सेवा और समर्पण की एक अनुपम मिसाल भी पेश की। नगर के प्रसिद्ध जगन्नाथ पेट्रोल पंप पर श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिला। यहाँ समाजसेवी उदय कुमार अग्रवाल के सौजन्य से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हनुमान जी को भोग लगाने के पश्चात शुरू हुए इस भंडारे में 'छोला-चावल' का प्रसाद पाकर श्रद्धालु तृप्त नजर आए। इस दौरान नरेश अग्रवाल एवं शुभम अग्रवाल अपनी पूरी टीम के साथ खुद मोर्चा संभाले हुए थे। टीम के ऊर्जावान सदस्यों ने राह चलते मुसाफिरों, रिक्शा चालकों और स्थानीय निवासियों को ससम्मान प्रसाद ग्रहण कराया। वहीं श्रद्धा का केंद्र कहे जाने वाले लंगड़े दास बाबा मंदिर (कुटी) पर नजारा कुछ अलग और प्रेरणादायक था। यहाँ ग्राम विकास विभाग एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों ने सामूहिक रूप से भंडारे का आयोजन किया। कलम चलाने वाले हाथों ने जब श्रद्धा के साथ प्रसाद वितरण किया, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति सराहना करने लगा। मंदिर परिसर में बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। सुबह से ही शुरू हुए इन आयोजनों ने कछौना की एकता और भाईचारे को और मजबूत किया। राहगीरों के लिए यह भंडारे किसी वरदान से कम नहीं थे। भक्ति, शक्ति और सेवा के इस महापर्व ने यह साबित कर दिया कि परोपकार ही सबसे बड़ा धर्म है। देर शाम तक चले इन आयोजनों में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User