धामी सरकार का बड़ा फैसला, 17 पत्रकारों व आश्रितों को 5-5 लाख की मदद, 4 वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 8 हजार की पेंशन मंजूर

Dec 5, 2025 - 21:21
Dec 5, 2025 - 21:21
 0  324
धामी सरकार का बड़ा फैसला, 17 पत्रकारों व आश्रितों को 5-5 लाख की मदद, 4 वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 8 हजार की पेंशन मंजूर

देहरादून (आरएनआई) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में हुई एक समिति की बैठक में 17 पत्रकारों और उनके आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई है। इसके साथ ही चार वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मान पेंशन को भी मंजूरी दी गई है।

दिवंगत और बीमार पत्रकारों को आर्थिक मदद
सूचना निदेशालय में आयोजित पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) समिति की बैठक में कुल 17 मामलों पर विचार किया गया। समिति ने 15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की सिफारिश की। इसके अलावा, गंभीर बीमारी से जूझ रहे दो पत्रकारों को भी उनके इलाज के लिए पांच-पांच लाख रुपये की मदद स्वीकृत करने की संस्तुति की गई।

चार वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन
बैठक में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना पर भी चर्चा हुई। समिति ने पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले चार वरिष्ठ पत्रकारों को इस योजना के तहत पेंशन देने का निर्णय लिया। इन पत्रकारों को प्रतिमाह आठ हजार रुपये की दर से सम्मान पेंशन दी जाएगी।

“राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को हर संभव मदद प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। हम नियमित रूप से बैठकें कर प्राप्त मामलों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कर रहे हैं।” — बंशीधर तिवारी, सूचना महानिदेशक

महानिदेशक ने बताया कि सूचना विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पत्रकारों से जुड़े मामलों पर तेजी से कार्रवाई कर रहा है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0