दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच
देहरादून (आरएनआई)। उत्तराखंड में न्यायालय परिसरों को निशाना बनाकर दी जा रही धमकियों की कड़ी में अब दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त होते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया तथा पूरे परिसर को खाली करा दिया गया।
सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते और अन्य विशेषज्ञ इकाइयों ने परिसर की सघन तलाशी ली, वहीं चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। प्राथमिक जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
प्रारंभिक जांच में धमकी भेजने वाले ई-मेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस कोण की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल ट्रेसिंग के जरिए मेल के स्रोत और नेटवर्क की पहचान की जा रही है, ताकि वास्तविक साजिश का खुलासा हो सके।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से कोर्ट कार्यवाही रोकनी पड़ी और सभी को बाहर निकालना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां जल्द ही दोषियों तक पहुंचेंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल समेत कई जिलों के न्यायालय परिसरों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। सभी मामलों में तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके चलते इन्हें असामाजिक तत्वों की शरारत से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बावजूद इसके, उत्तराखंड पुलिस और खुफिया एजेंसियां किसी भी चूक से बचने के लिए हर सूचना को गंभीरता से लेकर जांच आगे बढ़ा रही हैं।
लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनज़र प्रदेश भर के न्यायालय परिसरों में सुरक्षा समीक्षा की जा रही है और निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि जनता से शांति बनाए रखने की अपील के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



