इंडिगो संकट के बीच दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी: उड़ान संचालन सामान्य होने की ओर
नई दिल्ली (आरएनआई) इंडिगो एयरलाइन में जारी परिचालन संकट के बीच यात्रियों को राहत देने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली एयरपोर्ट ने शनिवार को एडवाइजरी जारी कर कहा है कि उड़ानों का संचालन अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है और टीम यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
देशभर में इंडिगो की उड़ानों में रद्दीकरण और देरी का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी अभी तक 400 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई हवाई अड्डों पर स्थिति शुक्रवार से बेहतर है, लेकिन हालात पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है।
दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ इंडिगो उड़ानों पर अब भी असर देखा जा रहा है। यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे एयरलाइन से अपनी उड़ानों की नवीनतम स्थिति की जांच कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि वे एयरलाइंस और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर व्यवधानों को कम करने के प्रयास कर रहे हैं।
शुक्रवार को सबसे ज्यादा संकट देखने को मिला था, जब इंडिगो की करीब 1000 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं, चार दिसंबर को 550 से अधिक उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई थी। इस तरह पिछले पांच दिनों में कुल 2000 से ज्यादा उड़ानें रद्द होने से देश का हवाई यातायात बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ है। यात्रियों की बढ़ती नाराजगी और दबाव के बीच इंडिगो और विमानन मंत्रालय लगातार स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



