धमकी भरे ईमेल के बाद स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को Z श्रेणी सुरक्षा, विधानसभा की किलाबंदी शुरू
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। विजेंद्र गुप्ता को लगातार मिल रही जानलेवा धमकियों के बाद जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। साथ ही दिल्ली विधानसभा परिसर को पूरी तरह हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विधानसभा सचिवालय और स्पीकर कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर 6 से 7 धमकी भरे मेल प्राप्त हुए, जिनमें बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। इन गंभीर धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और हालात की समीक्षा की गई।
मामले को और गंभीर तब माना गया जब हाल ही में एक बड़ी सुरक्षा चूक भी सामने आई। एक व्यक्ति विधानसभा के गेट को पार कर अंदर पहुंच गया और स्पीकर की गाड़ी में संदिग्ध वस्तु रखकर फरार हो गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए, जिसके बाद तत्काल सख्त कदम उठाए गए।
नई व्यवस्था के तहत अब विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा में 24 घंटे विशेष टीम तैनात रहेगी। उनके काफिले के साथ एस्कॉर्ट वाहन रहेगा और प्रशिक्षित कमांडो हर समय मौजूद रहेंगे। सार्वजनिक कार्यक्रमों और दौरों के दौरान भी उनकी सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा कड़ी कर दी गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद दिल्ली विधानसभा परिसर में सुरक्षा की किलाबंदी शुरू हो चुकी है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



