अप्रैल में जून जैसी तपिश: दिल्ली-एनसीआर में लू का कहर, लोगों का हाल बेहाल
दिल्ली-एनसीआर में इस बार मौसम ने समय से पहले ही करवट ले ली है। अप्रैल के महीने में ही लोगों को जून जैसी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। तपती धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और लोग दिनभर गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूरे दिन के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। 20 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और कई इलाकों में लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 25 और 26 अप्रैल को तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पतालों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हीट स्ट्रोक यूनिट को सक्रिय कर दिया गया है। अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. अमलेंदु यादव के अनुसार, मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिनमें ठंडे पानी और बर्फ के जरिए शरीर का तापमान तेजी से कम करने की व्यवस्था शामिल है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को हाइड्रेट रखें, ताकि लू के खतरे से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



