सम्पूर्ण समाधान दिवस में अवैध कब्जों पर सख्ती, शिकायतों का होगा प्राथमिकता से निस्तारण
हरदोई (आरएनआई) आज तहसील बिलग्राम में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में विधायक आशीष सिंह ‘आशू’, जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। विधायक ने कहा कि गरीबों एवं असहाय लोगों की भूमि पर किया गया कोई भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जायेगा और कब्जाधारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी एवं गरीबों की भूमि पर हुए अवैध कब्जों को चिह्नित कर इंटी भूमाफिया अभियान के तहत कार्रवाई करें। उन्होंने बिजली विभाग को आदेश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांवों की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल की जाये और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय से समाधान हो। निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजन और वृद्धावस्था पेंशन की समस्याओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने कहा कि जिनकी पेंशन बंद है, उनकी जांच कर पात्रता के आधार पर पुनः पेंशन जारी की जाये। राशन वितरण सम्बन्धी शिकायतों पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पात्र कार्डधारकों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये।
डीएम ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि शासन की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ गरीब एवं पात्र लोगों तक प्राथमिकता से पहुंचे और विकास कार्यों को समय से गुणवत्ता एवं मानक के अनुसार पूरा किया जाये। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने सभी थानाध्यक्षों को आदेश दिया कि वे राजस्व विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाकर सरकारी एवं गरीबों की भूमि पर हुए अवैध कब्जों को तत्काल हटवायें।
इस अवसर पर विधायक ने पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड एवं बीपीएल राशन कार्ड वितरित किये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, ईओ एवं सीडीपीओ उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



