पुलिस आरक्षकों ने साहसिक कार्य कर पानी डूब रहे युवक को बचाकर पेश की मानवता की मिसाल

Jul 28, 2025 - 19:53
Jul 28, 2025 - 19:58
 0  1k

गुना (आरएनआई) जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों एवं तालाबों में लगातार जल स्तर बढ़ रहा है । इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जल भराव वाले स्थानों पर सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया है।

  इसी क्रम में जिले के मृगवास थाना अंतर्गत ग्राम बांसाहेड़ा में अंडेर नदी में जलभराव की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे द्वारा बांसाहेड़ा पुलिस चौकी को निगरानी हेतु निर्देशित किया गया । निर्देशानुसार चौकी से आरक्षक रवि चौहान एवं आरक्षक अमर सिंह रावत नदी घाट पर पहुंचे । नदी किनारे ड्यूटी के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों ने देखा कि एक युवक नदी में मछली पकड़ते समय अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों आरक्षक बिना समय गंवाए तत्परता से पानी में कूद गए और कठिन प्रयासों के बाद युवक को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक की सांसें सामान्य न होने पर आरक्षकों द्वारा उसे तत्काल सीपीआर दी गई, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।

 पूछताछ में युवक ने अपना नाम रामकेदार मेर उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम विसलई, थाना हरनावदा, जिला बारां (राजस्थान) का बताया। यह गांव मध्यप्रदेश-राजस्थान की सीमा पर ही स्थित है ।

गुना पुलिस आरक्षकों के इस साहसिक कार्य को आसपास मौजूद लोगों व ग्रामीणों द्वारा खूब सराहा जा रहा है । आरक्षक रवि चौहान एवं अमर सिंह रावत की त्वरित कार्यवाही एवं कर्तव्यनिष्ठा ने एक व्यक्ति की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0