गुनिया नदी गहरीकरण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के संबंध में बैठक संपन्न, कल से अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से होगी शुरू
गुना (आरएनआई) हाल ही में अत्यधिक वर्षा के कारण जल भराव की स्थिति निर्मित हुई थी। गुनिया नदी के गहरीकरण और अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस क्रम में कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कल प्रातः 10:30 बजे से गहरीकरण एवं अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
बैठक के पश्चात आज अपर कलेक्टर अखिलेश जैन के नेतृत्व में अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे, तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री, ईई पीडब्ल्यूडी के.एस. उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने गोपालपुरा तालाब से निकलने वाले पानी की निकासी के स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान भगत सिंह कॉलोनी से लेकर एबी रोड तक विभिन्न बिंदुओं पर जाकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा पूरे क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश दिए गए।
इस क्षेत्र में एनजीटी के नियमों के उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण पर विधिवद कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान क्षेत्रीय रहवासी प्रदीप पाराशर, महेंद्र सिंह सोलंकी, अरविंद सिंह धाकरे, कमल भदौरिया, दीपक रघुवंशी एवं छत्रपाल यादव सहित स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस चरणबद्ध कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य भविष्य में पुनः जल भराव जैसी स्थिति निर्मित न हो। साथ ही शहर की जल निकासी प्रणाली को व्यवस्थित करते हुए नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण प्रदान किया जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



