पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; डिप्टी सीएम भी थे साथ

Mar 12, 2026 - 11:27
 0  162
पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; डिप्टी सीएम भी थे साथ

जम्मू (आरएनआई): फारूक अब्दुल्ला पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। यह हमला उस समय हुआ जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। उस वक्त उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। हालांकि दोनों नेता इस हमले में पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों नेता जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह खत्म होने के बाद जैसे ही वे बाहर निकलकर अपनी गाड़ियों की ओर बढ़ रहे थे, तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली चलने से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान पुरानी मंडी निवासी कमल सिंह जम्वाल के रूप में की है और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से डॉ. फारूक अब्दुल्ला की हत्या करना चाहता था और बुधवार को उसे मौका मिला। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां उससे कड़ी पूछताछ कर रही हैं और यह भी जांच की जा रही है कि वह हथियार लेकर समारोह स्थल तक कैसे पहुंच गया।

घटना के बाद पूरे जम्मू शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इस घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक बताया है।

इस बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “अल्लाह मेहरबान है, मेरे पिता बाल-बाल बच गए।” उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इतना पता चला है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर उनके पिता के बेहद करीब पहुंच गया और गोली चला दी। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया।

वहीं कांग्रेस विधायक एजाज अहमद जान ने बताया कि जब सभी लोग समारोह से बाहर निकल रहे थे, तभी एक व्यक्ति पीछे से तेजी से दौड़ते हुए आया और डॉ. फारूक अब्दुल्ला की पीठ पर रिवॉल्वर रखकर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि गोली निशाने से चूक गई और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया तथा हथियार छीन लिया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हथियार कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गया, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी लोग सुरक्षित हैं।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.