पुंछ में फिर मंडराया पाकिस्तानी ड्रोन, सेना ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
जम्मू (आरएनआई)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार तड़के एक बार फिर सीमा पार से ड्रोन गतिविधि देखी गई। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय सीमा में घुसे एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन को देखते ही भारतीय सेना के जवानों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
सेना सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 6:10 बजे दिगवार इलाके में ड्रोन को मंडराते हुए देखा गया। इसके बाद जवानों ने उसे मार गिराने के लिए एक दर्जन से अधिक राउंड फायर किए। हालांकि ड्रोन कुछ देर तक भारतीय क्षेत्र में मंडराने के बाद गोलियों से बचते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया।
पिछले तीन दिनों में यह दूसरी घटना है जब पुंछ सेक्टर में ड्रोन गतिविधि का पता चला है। 27 फरवरी को भी इसी क्षेत्र में सेना ने एक संदिग्ध ड्रोन पर फायरिंग की थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
घटना के तुरंत बाद सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ड्रोन के माध्यम से किसी प्रकार के हथियार, गोला-बारूद या नशीले पदार्थों की एयरड्रॉपिंग न की गई हो।
सीमा पर बढ़ती ड्रोन गतिविधियों को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। सेना ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सीमा की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



