यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप प्रशासन की 28-सूत्रीय शांति योजना पर गुप्त वार्ताएं तेज
वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन कथित तौर पर रूस के साथ मिलकर यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए 28-बिंदुओं की एक व्यापक योजना पर काम कर रहा है। एक्सिओस की रिपोर्ट के अनुसार यह ड्राफ्ट योजना अमेरिका और रूस के बीच गोपनीय वार्ताओं का हिस्सा है।
28-बिंदुओं का खाका तैयार
यह योजना यूक्रेन में युद्ध विराम, सुरक्षा गारंटी, यूरोप की दीर्घकालिक सुरक्षा व्यवस्था और रूस-यूक्रेन के साथ अमेरिका के भविष्य संबंधों को सुधारने जैसे विषयों को शामिल करती है। बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव ट्रंप की पहले बनाई गई 20-बिंदुओं वाली गाजा शांति योजना से प्रेरित है।
एक वरिष्ठ रूसी अधिकारी के अनुसार, ट्रंप इस पहल को लेकर आशावादी हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह योजना रूस के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन के इलाकों सहित विवादित क्षेत्रीय मुद्दों को किस तरह संबोधित करेगी।
कौन बना रहा है यह योजना?
इस प्रस्ताव का ड्राफ्ट अमेरिका के पश्चिम एशिया के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तैयार कर रहे हैं। रूसी अधिकारी किरील दिमित्रीव ने दावा किया कि उन्होंने 24-26 अक्टूबर के बीच मियामी में विटकॉफ सहित ट्रंप प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की। उनके अनुसार इस बार रूस को विश्वास है कि उसकी बातों को गंभीरता से सुना जा रहा है, जिससे समझौते की संभावना बढ़ी है।
दिमित्रीव ने कहा कि यह योजना केवल युद्ध खत्म करने भर की नहीं, बल्कि यूरोप और रूस की दीर्घकालिक सुरक्षा ढांचे को नया रूप देने की मंशा भी रखती है।
यूक्रेन और यूरोपीय देशों को जानकारी
यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि उन्हें इस योजना की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक विटकॉफ ने इस प्रस्ताव पर यूक्रेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रुस्तेम उमेरोव से भी चर्चा की है। वहीं एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यूरोपीय सहयोगियों को भी इस पहल के बारे में जानकारी देना शुरू कर दिया गया है।
पुतिन-ट्रंप वार्ता के बाद बढ़ी हलचल
यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया है जब ट्रंप हाल ही में अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक शिखर वार्ता कर चुके हैं। माना जा रहा है कि यह योजना यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में अब तक की सबसे गंभीर अमेरिकी-सहभागी पहल हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



