7वीं पास कैसे बना करोड़पति: MLM चेन सिस्टम की समझ से रची क्रिप्टो ठगी, 50 करोड़ रुपये ऐंठे
आगरा (आरएनआई) आगरा पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक हाईटेक गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह का सरगना महज सातवीं पास बताया जा रहा है, जिसने मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) के पुराने अनुभव का इस्तेमाल कर फर्जी क्रिप्टो निवेश का जाल बिछाया और करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय ने वर्ष 2002 में इबिज और स्पीक एशिया जैसी एमएलएम कंपनियों से चेन सिस्टम की बारीकियां सीखीं। इसी अनुभव के आधार पर उसने साथियों के साथ मिलकर विदेशी सर्वर पर ‘एएसटी कॉइन’ नाम से फर्जी क्रिप्टोकरेंसी की वेबसाइट तैयार की। नोएडा की एक कंपनी से डोमेन खरीदा गया और लिक्विड वेब कंपनी से विदेशी सर्वर लेकर वेबसाइट को संचालित किया गया।
एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार ने बताया कि वेबसाइट पर निवेशकों को फर्जी बैलेंस, बढ़ते हुए कॉइन के दाम और ई-वॉलेट में मुनाफा दिखाया जाता था। शुरुआत में 8,500 रुपये लेकर आईडी बनाई जाती थी और सात गुना मुनाफे का लालच दिया जाता था। इसके बाद रेफरल कोड के जरिए कम से कम 11 नए लोगों को जोड़ने पर अधिक लाभ का भरोसा दिलाया जाता था। इस चेन सिस्टम में फंसकर लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भी निवेश के लिए प्रेरित करने लगे।
पुलिस के अनुसार, कुछ ही महीनों में गिरोह ने 1,500 से अधिक लोगों को जोड़कर केवल आईडी बनाने के नाम पर ही 1.27 करोड़ रुपये जमा करा लिए। इसके बाद बड़े निवेश के नाम पर ठगी का सिलसिला चलता रहा। निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए उन्हें पांच सितारा होटलों में बुलाकर तीन साल तक रकम न निकालने की शपथ दिलाई जाती थी। जो निवेशक पैसे निकालने की कोशिश करता, उसके खाते में दिखाया जा रहा लाभ कम कर दिया जाता या तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर निकासी रोक दी जाती थी।
रकम को अलग-अलग क्रिप्टो वॉलेट और किराये पर लिए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस मामले में अब तक 43 पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिनमें कई लोगों ने लाखों से लेकर 50 लाख रुपये तक गंवाने की बात कही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही निवेशकों से अपील की गई है कि वे क्रिप्टो या किसी भी उच्च मुनाफे वाली योजना में निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



