बरेली बवाल: मौलाना तौकीर की अपील के बाद भड़की भीड़ ने किया था पुलिस पर हमला, एक और चार्जशीट दाखिल
बरेली (आरएनआई) बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कोर्ट में एक और चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में मौलाना तौकीर रजा खां की अपील के बाद भड़की भीड़ द्वारा पुलिस पर हमला करने, फायरिंग करने और सरकारी व निजी वाहनों में तोड़फोड़ करने के आरोप शामिल किए गए हैं। यह कोतवाली थाने से दाखिल की गई तीसरी चार्जशीट है, जिसमें मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। फिलहाल मौलाना तौकीर रजा फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।
सिविल लाइंस चौकी प्रभारी कोमल कुंडू की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा खां की अपील के बाद बड़ी संख्या में लोग इस्लामिया मैदान की ओर कूच करने लगे थे। जब मौलाना मौके पर नहीं मिले तो भीड़ और अधिक आक्रोशित हो गई। खलील तिराहे से नौमहला मस्जिद की ओर बढ़ती भीड़ ने पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उपद्रवियों ने पथराव, फायरिंग और पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।
विवेचना में यह भी सामने आया है कि जब भीड़ नौमहला मस्जिद के पास पहुंची तो पुलिस ने उन्हें समझाते हुए घर लौटने की अपील की और यह स्पष्ट किया कि इस्लामिया मैदान में किसी भी तरह की सभा की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद भीड़ में शामिल उपद्रवी और अधिक उग्र हो गए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मौलाना तौकीर रजा और नदीम ने ही इस्लामिया ग्राउंड में बुलाया है और यदि किसी ने रोका तो बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद सरकार विरोधी और भड़काऊ नारे लगाए गए। पुलिस द्वारा कार्रवाई करने पर भीड़ ने फायरिंग की, पेट्रोल बम फेंके और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इस हिंसा में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
इस मामले में दो नामजद आरोपियों के साथ-साथ 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। चौकी चौराहा पुलिस चौकी प्रभारी नितिन राणा ने मामले की विवेचना करते हुए मौलाना तौकीर रजा खां समेत 20 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर सीओ प्रथम कार्यालय के माध्यम से कोर्ट में दाखिल कराई है।
चार्जशीट में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें मौलाना तौकीर रजा खां, नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीशी, फरहान रजा खां, फैजुल नबी, आरिफ खां, अनीस सकलैनी, अफजाल बेग, सफीले अहमद उर्फ शफी अहमद, फरहद, मोइन अली, सईद अहमद, रिहान, अफरोज, जुबैर, कसान, आमान हुसैन, मोहम्मद हरमैन और नेमतुल्ला शामिल हैं।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि नौमहला मस्जिद से जुड़े इस मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत 20 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। अन्य मामलों में भी जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। फिलहाल जिन आरोपियों की पहचान हो चुकी है, उनके खिलाफ कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि अज्ञात भीड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान का काम जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



