देशभर में लू का कहर, बंगाल में रेड तो बिहार समेत इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट

बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि इस समय भारत में लू का कहर चल रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। 

Apr 28, 2024 - 09:31
 0  486
देशभर में लू का कहर, बंगाल में रेड तो बिहार समेत इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली (आरएनआई) देशभर में बढ़ती गर्मी और लू से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके पार तक जा रहा है। लू को लेकर भारतीय मौसम विभाग  ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कई दिनों तक गर्म हवाओं का प्रकोप रहेगा। 

गर्म और उमस भरे मौसम के कारण बंगाल और ओडिशा में दिन के अधिकतम तापमान में और वृद्धि की संभावना है। वहीं, लू के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी। बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर भारतीय मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, 'ओडिशा में भी लू से बिगड़ते हालातों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं। इसलिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

कई ऐसे स्थान हैं, जिनका तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ में शनिवार को पश्चिम बंगाल का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलकाता में दिन का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, मेदिनीपुर का 43.5, बांकुड़ा का 43.2, बैरकपुर का 43.2, बर्धमान का 43, आसनसोल का 42.5, पुरुलिया का 42.7 और श्रीनिकेतन का 42 डिग्री सेल्सियस हैं।

ओडिशा के औद्योगिक शहर अंगुल में 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम में पहली बार 44 डिग्री को पार कर चुका है।  बारीपदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बौध, ढेंकनाल और भवानीपटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान जताया है और उसके बाद के दो दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है।

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुक्रवार को हुई बारिश के बाद चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस से घटकर 38 डिग्री सेल्सियस हो गया। आईएमडी के पूर्वानुमान में सप्ताहांत में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सोमवार तक अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड  के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है और इसका वायु गुणवत्ता सूचकांक 163 दर्ज किया गया है जिसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है।

मौसम विभाग ने रविवार को जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने आज सुबह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र और उत्तरी तेलंगाना में बारिश और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, पूर्वी मेघालय, नगालैंड और मणिपुर में रविवार को गरज के साथ हल्की बारिश की भी भविष्यवाणी की।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.