दिल्ली में आज चलेगा सबसे बड़ा धूल मुक्ति अभियान, मशीनों से होगी रिंग रोड की गहन सफाई
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए दिल्ली सरकार शनिवार को व्यापक धूल मुक्ति अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सुबह से शाम तक रिंग रोड के 48 से 55 किलोमीटर लंबे पूरे मार्ग पर मशीनों द्वारा गहन सफाई, वाटर स्प्रिंक्लिंग और रोड वॉशिंग की जाएगी। इसे अब तक का सबसे बड़ा रोड क्लीनिंग ड्राइव बताया गया है।
सरकार का लक्ष्य पीएम 10 और पीएम 2.5 कणों में कमी लाना है। इसके लिए सड़क की धूल हटाने में मशीनरी के साथ-साथ मैनुअल सफाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट में भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी, ताकि सफाई कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
इसी क्रम में प्रदूषण और अव्यवस्था को कम करने के लिए सरकार ने कॉर्पोरेट साझेदारी के तहत नया मॉडल अपनाया है। शुक्रवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग और जीएमआर समूह के बीच हुए समझौते के तहत जीएमआर अब आजाद मार्केट से इंदरलोक रोड तक के पूरे मार्ग को तीन साल तक मेंटेन और सुंदर बनाएगा। यह दिल्ली में रोड मेंटेनेंस के लिए सीएसआर मॉडल की पहली शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में कई अन्य प्रमुख सड़कें और फ्लाईओवर भी कंपनियों को सीएसआर साझेदारी के तहत सौंपे जाएंगे। इनमें मधुबन चौक–मुकरबा चौक, चिराग दिल्ली, पंचशील क्लब–आईआईटी फ्लाईओवर, पंजाबी बाग फ्लाईओवर, आउटर रिंग रोड पर राम मंदिर साइड, नेताजी सुभाष प्लेस फ्लाईओवर, ओबेरॉय–लोधी रोड फ्लाईओवर और करमपुरा फ्लाईओवर शामिल हैं।
रेखा गुप्ता ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कारपूलिंग अपनाकर, कचरा और लकड़ी-कोयला न जलाकर तथा स्वच्छता के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करके नागरिक वायु प्रदूषण रोकने में बड़ा योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था अपनाई जाए, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो। सरकार की मंशा स्पष्ट है—जब सरकार, उद्योग और जनता मिलकर काम करेंगे, तभी दिल्ली की हवा सुधर पाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



