यूपी में घने कोहरे की चेतावनी, शताब्दी सहित दर्जनों ट्रेनें लेट; मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

Dec 14, 2025 - 11:12
 0  378
यूपी में घने कोहरे की चेतावनी, शताब्दी सहित दर्जनों ट्रेनें लेट; मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और इसके साथ ही घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए कोहरे और ठंड का अलर्ट जारी किया है। शनिवार की सुबह राज्य के अनेक हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। हालांकि इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन कोहरे का असर बना रहेगा। रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके में कहीं घना तो कहीं अत्यधिक घना कोहरा रहने की संभावना जताई गई है। इससे सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है और आवागमन प्रभावित रहेगा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को तराई क्षेत्रों में घना कोहरा रहा, वहीं पूर्वांचल में बलिया से लेकर अयोध्या तक कोहरे का व्यापक असर देखा गया। इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो अगले एक-दो दिन तक जारी रह सकती है। इसके बाद पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा, हालांकि कोहरे में कुछ कमी आ सकती है।

प्रदेश में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और बाराबंकी में 7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, कानपुर और कुशीनगर में दृश्यता मात्र 50 मीटर तक सिमट गई थी। शाहजहांपुर और गोरखपुर में दृश्यता 100 मीटर, जबकि राजधानी लखनऊ में करीब 400 मीटर दर्ज की गई।

राजधानी लखनऊ में भी गलन बढ़ती जा रही है। शनिवार सुबह कोहरे का असर देखने को मिला और मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार को भी कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ेगी और धीरे-धीरे कोहरे का प्रभाव कम हो सकता है।

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। शनिवार को शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें देरी से चलीं। नई दिल्ली से सुबह 6:10 बजे रवाना हुई शताब्दी एक्सप्रेस अलीगढ़ पहुंचने तक सवा घंटे और लखनऊ पहुंचने तक करीब दो घंटे लेट हो गई। इसके अलावा लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, चंडीगढ़ सुपरफास्ट, दून एक्सप्रेस, प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस और गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां एक से तीन घंटे तक देरी से चलीं।

मौसम विभाग ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, वाहन धीमी गति से चलाने और यात्रियों को ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.