बिलासपुर में खाद्य सुरक्षा पर सवाल: वैधता अवधि में बिक रही चॉकलेट से निकला जिंदा कीड़ा, जांच की तैयारी

Monday, February 9, 2026 - 12:19
0
बिलासपुर में खाद्य सुरक्षा पर सवाल: वैधता अवधि में बिक रही चॉकलेट से निकला जिंदा कीड़ा, जांच की तैयारी

बिलासपुर (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के नौणी क्षेत्र से खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नामी कंपनी की चॉकलेट के भीतर जिंदा कीड़ा और उसके अंडे पाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि संबंधित चॉकलेट की वैधता अवधि मई 2026 तक दर्ज थी, यानी उत्पाद पूरी तरह से मान्य बताया जा रहा था।

यह मामला बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौणी के गांव मंडी मानवा का है। भाखड़ा विस्थापित सभा के अध्यक्ष रमेश चंद कौंडल ने बताया कि उन्होंने स्थानीय बाजार से बच्चों के लिए पांच रुपये वाली चॉकलेट खरीदी थी। जब वे घर पर अपने छोटे बच्चे शिवा को चॉकलेट देने के लिए उसका रैपर खोल रहे थे, तभी उन्होंने चॉकलेट के अंदर जिंदा कीड़ा रेंगते हुए देखा, जिसने चॉकलेट पर अंडे भी दे रखे थे। गनीमत रही कि बच्चे को चॉकलेट खिलाने से पहले ही यह बात सामने आ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

रमेश चंद कौंडल ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि बच्चा चॉकलेट खा लेता, तो उसकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था और जान को भी खतरा हो सकता था। उन्होंने इस घटना को लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ बताते हुए कंपनी की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित परिवार ने प्रभावित चॉकलेट को सुरक्षित रख लिया है और अब कानूनी कार्रवाई के लिए सैंपल जांच कराने की तैयारी कर रहा है।

इस संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने कहा कि यदि इस तरह की घटना सामने आई है, तो मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और संबंधित चॉकलेट का सैंपल लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और कड़ी निगरानी की मांग उठने लगी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User