सीएम भजनलाल शर्मा ने फहराया तिरंगा, अमर जवान ज्योति पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
जयपुर (राजस्थान) (आरएनआई) 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए सुबह मुख्यमंत्री निवास पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने अमर जवान ज्योति पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने बड़ी चौपड़ और भाजपा मुख्यालय पर भी तिरंगा फहराया। बाद में वे एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने परेड की सलामी ली। समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों के माध्यम से राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और विकास की झलक प्रस्तुत की गई।
राजधानी के सचिवालय सहित शहर भर के सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और सामाजिक संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए समारोह को उत्सव का रूप दिया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। देवनानी ने कॉन्स्टीट्यूशन क्लब और राजस्थान विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण कर सलामी गारद का निरीक्षण किया।
गणतंत्र दिवस के इन आयोजनों ने जयपुर में देशभक्ति, सम्मान और लोकतांत्रिक गौरव का वातावरण बना दिया, जहां नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व को मनाया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



