नई दिल्ली (आरएनआई)। दिल्ली पुलिस ने आज 16 फरवरी को अपना 79वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्थापना दिवस के मौके पर गृह मंत्री ने दिल्ली पुलिस को 10 नई परियोजनाओं की सौगात दी, जिनका उद्देश्य राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है।
समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस की इन 10 नई परियोजनाओं का आज शिलान्यास किया गया है। उन्होंने बताया कि राजधानी को अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेफ सिटी योजना के तहत दिल्ली को 10 हजार कैमरों से जोड़ने के कार्यक्रम के पहले चरण में अब तक 2100 कैमरे लाइव किए जा चुके हैं, जबकि पहले से लगे 15 हजार से अधिक कैमरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का काम पूरा कर लिया गया है।
गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि सेफ सिटी योजना आने वाले समय में दिल्ली की सुरक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से न केवल अपराध पर नियंत्रण होगा, बल्कि आम नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा भी और मजबूत होगी।
79वें स्थापना दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस की भूमिका और योगदान को सराहते हुए अमित शाह ने पुलिसकर्मियों के समर्पण, साहस और सेवा भावना की प्रशंसा की और राजधानी को सुरक्षित बनाए रखने के उनके प्रयासों को देश के लिए मिसाल बताया।