हांसी में विधायक आवास के बाहर नर्सिंग छात्राओं का धरना, माइग्रेशन न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हांसी (आरएनआई)। नारनौंद स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने माइग्रेशन लेटर न मिलने के विरोध में शुक्रवार को हांसी में प्रदर्शन किया। छात्राएं हांसी के विधायक विनोद भयाना के आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं और स्पष्ट किया कि जब तक माइग्रेशन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरने के दौरान किसान व खाप प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समर्थन दिया।
प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर डीएसपी विनोद शंकर और एसएचओ सुखजीत मौजूद रहे। हालांकि विधायक अपने आवास पर मौजूद बताए गए, लेकिन खबर लिखे जाने तक छात्राओं और किसान नेताओं की उनसे सीधी बातचीत नहीं हो सकी थी।
धरने में पहुंचे किसान नेता सुरेश कोथ, दशरथ मलिक और कैलाश मलिक सहित खाप प्रतिनिधियों ने छात्राओं की मांग को जायज ठहराते हुए प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। नेताओं ने कहा कि शिक्षा से जुड़े मामलों में इस तरह की देरी भविष्य को प्रभावित करती है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्राओं का कहना है कि विधायक ने पहले आश्वासन दिया था कि वीरवार तक माइग्रेशन लेटर मिल जाएगा, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई। इससे पहले भी वे माइग्रेशन को लेकर विधायक से मुलाकात कर चुकी हैं। छात्राओं ने दो टूक कहा कि माइग्रेशन लेटर मिलने तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगी और अपनी मांग पर अडिग रहेंगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



