हिमाचल में आज बारिश-बर्फबारी के आसार, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

Tuesday, February 10, 2026 - 11:46
0
हिमाचल में आज बारिश-बर्फबारी के आसार, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

शिमला (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शिमला समेत पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे, जबकि लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरते देखे गए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार यानी आज प्रदेशभर में मौसम खराब बना रहेगा। पहाड़ी इलाकों में हिमपात और मैदानी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि 11 से 13 फरवरी तक मौसम के साफ रहने की संभावना है, लेकिन 14 और 15 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर बिगड़ सकता है और हल्की बर्फबारी के आसार हैं।

सोमवार को प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका लाहौल-स्पीति का ताबो रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में तापमान माइनस 9.4 डिग्री, कल्पा में 0.4, मनाली में 2.9, सोलन में 4.5, धर्मशाला में 5.5, शिमला में 6.6, भुंतर में 5.7 और कसौली में 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उधर, कुल्लू जिले में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ठंड का प्रकोप बना रहा। रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा और शिंकुला दर्रा समेत ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरते रहे, जिससे ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User