गंगा–जमुनी तहजीब की मिसाल कायम रखें, प्रेम व सौहार्द से मनायें सभी पर्व : जिलाधिकारी

होली पर तेज आवाज में डीजे पर प्रतिबंध, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई — एसपी

Feb 16, 2026 - 19:26
Feb 16, 2026 - 19:30
 0  0
गंगा–जमुनी तहजीब की मिसाल कायम रखें, प्रेम व सौहार्द से मनायें सभी पर्व : जिलाधिकारी

हरदोई (आरएनआई) आगामी पवित्र रमजान माह, होली, नवरात्र एवं ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को स्वामी विवेकानन्द सभागार में सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुनय झा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हरदोई जनपद सदैव गंगा–जमुनी तहजीब और कौमी एकता की परंपरा का प्रतीक रहा है। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं समाज के जिम्मेदार नागरिकों से अपील की कि वे युवाओं को जागरूक करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेशों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य माध्यम से अफवाह फैलाने का प्रयास करता है, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस को दी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मा० उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सभी धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी। साथ ही होली के अवसर पर कहीं भी तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं नगर निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पारंपरिक होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर विवाद की संभावनाओं को समाप्त करें। यदि कहीं विवाद की स्थिति हो, तो दोनों पक्षों की सहमति से उसका शांतिपूर्ण समाधान कराया जाए। नगर निकायों को त्योहारों के दौरान विशेष सफाई व्यवस्था एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु अराजक तत्वों की पहचान कर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार चेतावनी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि होली एवं ईद के अवसर पर संवेदनशील स्थानों, चौराहों और मोहल्लों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रियंका सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए जनपद की सौहार्दपूर्ण परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.