गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो की चपेट में आए 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, चालक गिरफ्तार
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को कुचल दिया। पुलिस ने मौके से ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब छह बजे गाजीपुर गांव के सर्विस रोड पर हुआ। मृतक की पहचान पैक करमाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और गाजीपुर गांव में रहकर गाजीपुर फूल मंडी में काम करते थे। घटना के समय वह अपने दो साथियों के साथ पैदल काम पर जा रहे थे।
पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक काली स्कॉर्पियो खड़ी थी और फुटपाथ पर बुजुर्ग घायल अवस्था में पड़े थे। पुलिस ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में मामले की सूचना पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी गई।
जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी और पहले डिवाइडर से टकराई, इसके बाद घिसटते हुए फुटपाथ पर पहुंच गई, जहां उसने पैदल चल रहे बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने कार चालक 26 वर्षीय श्रेय कुमार, निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त कार में और कौन-कौन सवार था। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



