रतिया में युवक की गर्दन काटकर हत्या, पांच माह बाद होनी थी शादी
रतिया (आरएनआई)। रतिया क्षेत्र के गांव महमदकी में रविवार रात एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। युवक पर कस्सी से हमला कर उसकी गर्दन काट दी गई। मौके से खून से सनी कस्सी बरामद हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव महमदकी निवासी जगविंदर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगविंदर का नजदीकी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था और उसी युवती से उसका रिश्ता तय हो चुका था। करीब पांच माह बाद उसकी शादी होने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार को परिवार के सदस्य भोग कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। खेत में सिंचाई की बारी होने के कारण जगविंदर खेत चला गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन खेत पहुंचे, जहां खेत में बने एक कमरे के अंदर जगविंदर का शव पड़ा मिला।
शुरुआत में परिजनों को आशंका हुई कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है, लेकिन कमरे के भीतर खून से लथपथ कस्सी मिलने पर हत्या की पुष्टि हुई। बताया गया कि हत्या के बाद आरोपी ने कमरे का शटर भी आधा नीचे कर दिया था, जिससे घटना पर संदेह न हो।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता अवतार सिंह ने बताया कि शाम करीब पांच बजे चचेरे भाई ने घटना की सूचना दी थी।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



