महाशिवरात्रि पर घोषित हुई तिथि, 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
ऊखीमठ (आरएनआई)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा केदार के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए शुभ समाचार है। केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को सुबह ठीक 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि का निर्णय केदारनाथ के रावल जगद्गुरु भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद लिया गया।
कपाटोद्घाटन से पूर्व परंपरागत अनुष्ठानों का क्रम भी तय कर दिया गया है। 18 अप्रैल को भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी। इसके बाद 19 अप्रैल को चल उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को डोली का रात्रि विश्राम गौरीकुंड में होगा, जबकि 21 अप्रैल को चल उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी।
उधर, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि पहले ही वसंत पंचमी के अवसर पर घोषित की जा चुकी थी।
वहीं चारधाम यात्रा के अन्य प्रमुख पड़ाव गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खोले जाएंगे। इस वर्ष अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को है। दोनों मंदिरों के कपाट खुलने का सटीक मुहूर्त मंदिर समिति की उपस्थिति में बाद में निर्धारित किया जाएगा।
चारधाम यात्रा की तिथियों के ऐलान के साथ ही उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की रौनक बढ़ने की उम्मीद है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की तैयारियां तेज हो गई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



