कोटा में तीन मंजिला इमारत ढहने से अफरा-तफरी, दो की मौत; मलबे से 13 घायलों को निकाला गया
कोटा (आरएनआई) राजस्थान के कोटा शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय भूतल पर एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जहां कई लोगों के मौजूद होने की आशंका जताई गई। इमारत गिरते ही आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए देर रात तक अभियान चलता रहा। अब तक मलबे से 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रेस्क्यू के दौरान एक बचावकर्मी रॉकी डेनियल के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए ट्वीट किया कि कोटा के इंद्रविहार में इमारत गिरने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि वे जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों को तत्काल और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए।
सीएमएचओ नरेंद्र नागर के अनुसार, घायलों में सुदीता (30) निवासी कोटा, शालीन सुवास्या (25) निवासी कुन्हाड़ी, मोहम्मद जहांगीर (30) निवासी महावीर नगर, भूपेंद्र (40) निवासी रंगबाड़ी, पूरब मीणा (24) निवासी जय हिंद नगर बोरखेड़ा, तलब निवासी सुभाष नगर, नावेद (20) निवासी सुभाष नगर, रेस्टोरेंट मालिक मोहम्मद जहांगीर और मोहम्मद साबिर निवासी झारखंड शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
कोटा के संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की जान गई है और 13 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर इमारत गिरी, वहां नया निर्माण कार्य चल रहा था और आशंका है कि निर्माण गुणवत्ता में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। कुछ स्थानीय लोगों ने ड्रिलिंग कार्य को लेकर पहले भी शिकायतें की थीं। मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी और उसके बाद वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
कोटा कलेक्टर ने बताया कि जिस इमारत के गिरने की घटना हुई, उसके पास एक पुरानी बिल्डिंग को हाल ही में तोड़ा गया था। इससे इमारत की नींव कमजोर हो गई थी, जिसे हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



