कोरबा में नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
कोरबा (आरएनआई)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे के झरना मोड़ के पास रात करीब 12 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर के दौरान एक कार के एयरबैग खुल गए, जिससे आगे बैठे कुछ यात्रियों की जान बच सकी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत मोरगा चौकी पुलिस तथा 112 आपात सेवा को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मारुति कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं दूसरी कार में तीन लोग सवार थे, जो सभी घायल हुए हैं। दोनों वाहनों में सवार लोग कोरबी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। मारुति कार में सवार मृतक और घायल शर्मा कौरबी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



