फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
हरदोई (आरएनआई) जनपद हरदोई में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ अब केवल उन्हीं को मिलेगा, जिन्होंने अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराई है। यह जानकारी उप निदेशक कृषि सतीश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर के अंतर्गत चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत 25 अक्टूबर से की गई है, जो 15 नवम्बर 2025 तक चलेगा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि, राजस्व, गन्ना, उद्यान, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की टीम बनाकर जनपद के 1572 राजस्व ग्रामों में ग्राम स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में किसानों की ई-केवाईसी कर उनकी भूमि का ब्यौरा आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है, जिसके आधार पर एक यूनिक आईडी तैयार की जाएगी। इस आईडी के माध्यम से किसान भविष्य में किसी भी सरकारी योजना का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि जनपद में 7,34,349 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पोर्टल पर पंजीकृत हैं, जिनमें से 4,71,109 किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री बनवाई है। अभी भी 2,63,240 किसान ऐसे हैं जिन्होंने अपनी रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसे किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ आगे नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से किसानों को कृषि ऋण, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, खाद एवं बीज वितरण, फसल बीमा की क्षतिपूर्ति तथा अन्य योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
श्री कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे अपने ग्राम में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपना आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और खतौनी लेकर जाएं, ताकि उनकी फार्मर रजिस्ट्री यूनिक आईडी तुरंत तैयार की जा सके।
यदि कोई किसान किसी कारणवश शिविर में नहीं पहुंच पाता है, तो वह अपने निकटतम जनसेवा केंद्र (CSC) या “फार्मर सहायक” मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं भी अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बना सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



