दुलारचंद हत्याकांड: अनंत सिंह समेत 80 गिरफ्तार, मोकामा में तनाव बरकरार; सीआईडी जुटा रही सबूत

Nov 2, 2025 - 10:41
 0  324
दुलारचंद हत्याकांड: अनंत सिंह समेत 80 गिरफ्तार, मोकामा में तनाव बरकरार; सीआईडी जुटा रही सबूत

पटना (आरएनआई) मोकामा में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। मामले में अब तक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह समेत 80 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पटना पुलिस ने इलाके में भारी पुलिस बल और पैरा मिलिट्री की तैनाती कर दी है। वहीं, सीआईडी की टीम हत्या की जांच में जुटी हुई है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सबूत खंगाल रही है।

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि “जिन लोगों ने कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश की है, उन सभी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान भी की जा रही है।”

पहली प्राथमिकी मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज यादव के आवेदन पर दर्ज हुई, जिसमें अनंत सिंह पर गोली मारने और वाहन से कुचलवाने का आरोप लगाया गया था। दूसरी एफआईआर अनंत सिंह के समर्थक जीतेन्द्र की ओर से, तीसरी पुलिस की ओर से स्वतः संज्ञान लेकर और चौथी प्राथमिकी राजद समर्थक गौतम कुमार द्वारा दर्ज कराई गई, जिसमें राजद प्रत्याशी वीणा सिंह के काफिले पर पथराव का आरोप लगाया गया।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि दुलारचंद यादव की मौत गोली लगने या वाहन चढ़ाने से नहीं हुई। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कोहनी, पसलियां और छाती की हड्डियां टूटी हुई थीं, जिससे दोनों फेफड़े फट गए और छाती में खून भरने से हृदयगति रुक गई। इसी के आधार पर सीआईडी टीम वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट को मिलाकर जांच आगे बढ़ा रही है।

इस घटना के बाद मोकामा में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। अनंत सिंह के समर्थक उनका बचाव करते हुए इसे “राजनीतिक साजिश” बता रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजन अनंत सिंह को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।

अनंत सिंह ने बयान जारी कर कहा, “यह सब सूरजभान सिंह की साजिश है। मुझे चुनाव जीतने से रोकने के लिए फंसाया जा रहा है, लेकिन जनता सब समझती है।”

फिलहाल पूरे मोकामा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और पैरा मिलिट्री के जवान लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। सीआईडी की टीम ने इस मामले को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए जांच की गति तेज कर दी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.