32 साल बाद IFFCO को मिलेगा नया MD: डॉ. उदय शंकर अवस्थी 31 जुलाई को होंगे रिटायर
नई दिल्ली (आरएनआई) भारत की सबसे बड़ी सहकारी संस्था IFFCO (इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड) में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। डॉ. उदय शंकर अवस्थी, जो पिछले 32 वर्षों से IFFCO के प्रबंध निदेशक (MD) के रूप में कार्यरत हैं, 31 जुलाई 2025 को रिटायर हो जाएंगे।
इफको के चेयरमैन दिलीप भाई संघाणी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. अवस्थी ने खुद अपनी उम्र (80 वर्ष) का हवाला देते हुए सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया है। इफको बोर्ड की बैठक में उन्होंने यह निर्णय साझा किया और 31 जुलाई के बाद आगे कार्य न करने की इच्छा जताई।
डॉ. अवस्थी: IFFCO का चेहरा और "फर्टिलाइजर मैन ऑफ इंडिया"
डॉ. अवस्थी ने 1993 में IFFCO के MD का कार्यभार संभाला था और तभी से वे इस पद पर लगातार बने हुए थे। उनकी नेतृत्व क्षमता के चलते IFFCO ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं, जिनमें नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे नवाचार शामिल हैं। हालांकि, इन उत्पादों को लेकर किसानों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।
उनकी पहचान “फर्टिलाइज़र मैन ऑफ इंडिया” के रूप में की जाती है और उन्हें IFFCO को दुनिया की नंबर वन सहकारी संस्था बनाने का श्रेय भी दिया जाता है।
अगला MD कौन? अटकलें तेज
अब बड़ा सवाल यह है कि IFFCO का अगला MD कौन होगा? इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सहकारी क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इस बदलाव के साथ IFFCO के कुछ अन्य निदेशकों में भी बदलाव हो सकता है।
विवादों में भी रहे डॉ. अवस्थी
वर्ष 2021 में CBI ने डॉ. अवस्थी के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में FIR दर्ज की थी, जिसमें IFFCO और इंडियन पोटाश लिमिटेड से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच की गई थी। इसके बावजूद उन्होंने IFFCO की साख को बनाए रखा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्था को पहचान दिलाई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



