हरदोई: गर्रा नदी में भयावह बाढ़, कहारकोला गांव टापू में तब्दील

Sep 6, 2025 - 17:54
Sep 6, 2025 - 17:55
 0  810

हरदोई (आरएनआई) गर्रा नदी के उफान ने हरदोई जिले के ग्रामीण इलाकों में भयावह स्थिति पैदा कर दी है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी परेली, गुजीदेई, सिगुलापुर, कहारकोला, पहाड़पुर, अतर्जी, वेगराजपुर, बैजूपुर, किलकिली, बारी, गनुआपुर और वासितनगर समेत तमाम तटवर्ती गांवों में घुसने लगा है। कई गांव जलमग्न हो चुके हैं और खेतों में खड़ी धान व खरीफ की अन्य फसलें डूबने लगी हैं।

कहारकोला गांव सबसे प्रभावित

कहारकोला गांव पूरी तरह से पानी से घिर चुका है और टापू की तरह हो गया है। यहां के लोगों का बाहर आना-जाना मुश्किल हो गया है। नाव ही एकमात्र सहारा बन गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

फसलें डूबने से किसानों पर संकट

बाढ़ का सबसे बड़ा असर खेतों पर पड़ा है। धान और खरीफ की अन्य फसलें पानी में डूबने लगी हैं। किसानों का कहना है कि उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है। पशुओं के लिए चारा और सुरक्षित जगह ढूंढना भी मुश्किल होता जा रहा है।

शाहाबाद–पाली मार्ग पर खतरा

बाढ़ का असर सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। शाहाबाद–पाली मार्ग पर किमी 13 पर बरगदिया पहाड़पुर गांव के सामने बनी पुलिया धंस गई है। पुलिया को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग हरदोई के संतोष कुमार रावत, जूनियर इंजीनियर (जेई) ने बताया कि बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। यदि बाढ़ में पुलिया बह जाती है तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी और इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद नहीं होने दिया जाएगा।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

स्थिति की गंभीरता देखते हुए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों और राजस्व विभाग को सक्रिय किया है। जिलाधिकारी ने प्रभावित गांवों का निरीक्षण करने और जरूरतमंदों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। राहत शिविर स्थापित करने और नावों की संख्या बढ़ाने पर काम हो रहा है।

ग्रामीणों में दहशत

बाढ़ से प्रभावित लोग लगातार आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश थमने की दुआ कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पानी का दबाव और बढ़ा तो हालात संभालना मुश्किल हो जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)