संयुक्त कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

Oct 30, 2025 - 19:06
Oct 30, 2025 - 19:14
 0  135
संयुक्त कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

हरदोई (आरएनआई) कृषि विभाग द्वारा नामित स्टॉक फोर्स अधिकारी एवं संयुक्त कृषि निदेशक (दलहन), लखनऊ वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने गुरुवार को जनपद हरदोई में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विकास से जुड़ी गतिविधियों का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण की शुरुआत आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) लैब से की गई, जहाँ उन्होंने फसल सुरक्षा एवं कीट प्रबंधन से संबंधित कार्यों — जैविक कीटनाशक (बायोपेस्टिसाइड), बायोएजेंट ट्राइकोडरमा, बावरिया बेसियाना एवं ट्रैप कार्ड उत्पादन — की चरणबद्ध प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। लैब में उपलब्ध उपकरणों, जैविक कीटनाशकों की तैयारी और कृषकों को दी जाने वाली तकनीकी सलाह का भी उन्होंने अवलोकन किया। उन्होंने लैब की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इसके उपरांत, श्री वर्मा ने मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के अंतर्गत चल रहे परीक्षण कार्यों — नमूना पंजीकरण, विश्लेषण रिपोर्ट, पोषक तत्व निर्धारण आदि — की जानकारी ली और इन कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद उन्होंने ग्राम हरदोई देहात के कृषक श्री रामसरन के खेत पर मृदा नमूना एकत्रीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषकों को मृदा परीक्षण के लाभ, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा फसल चयन में मृदा स्वास्थ्य की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

संयुक्त कृषि निदेशक ने आगे बी-पैक्स सोसाइटी फर्दपुर का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने खाद भण्डारण, वितरण और किसानों को समय पर उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सोसाइटी सचिव को निर्देशित किया कि आगामी रबी सीजन में किसी भी किसान को खाद की कमी का सामना न करना पड़े। गोदाम में उपलब्ध खाद की मात्रा, गुणवत्ता एवं अभिलेखों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में, सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के तहत आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के बाहर अध्ययन भ्रमण हेतु 95 कृषकों के जत्थे को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)