शिमला में बड़ा सड़क हादसा: नारकंडा के पास खाई में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 29 लोग घायल, 17 आईजीएमसी रेफर
शिमला (आरएनआई) हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नारकंडा के पास कुमारसैन क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 32 यात्रियों में से 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 17 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कुमारसैन अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में सवार सभी यात्री रिकांगपिओ से नेपाल जा रहे थे। देर रात करीब 11 बजे के आसपास वाहन नारकंडा के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत दलों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कुमारसैन थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रैवलर के चालक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसके खून व मूत्र के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हादसे के समय नशे की हालत में था या नहीं।
कुमारसैन के बीएमओ डॉ. अंकुश ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 32 घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से कई को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर किया गया।
इस बीच, शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने आईजीएमसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन ने हादसे की पूरी रिपोर्ट तलब की है और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की बात कही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



