मोर्चरी में रखे धर्मशाला मैनेजर के शव को चूहों ने कुतरा, लापरवाही पर भड़के परिजन—अस्पताल में हंगामा

Dec 6, 2025 - 15:23
 0  297
मोर्चरी में रखे धर्मशाला मैनेजर के शव को चूहों ने कुतरा, लापरवाही पर भड़के परिजन—अस्पताल में हंगामा

हरिद्वार (आरएनआई) जिला अस्पताल की मोर्चरी में शुक्रवार रात से रखे पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी (36) के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। शव के चेहरे, सिर और एक आंख पर गहरे घाव के निशान थे और पास ही चूहे दौड़ते नजर आए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूरी घटना चूहों के कुतरने से हुई है।

बताया गया कि लखन शर्मा की शुक्रवार शाम अचानक हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई थी। देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया था, लेकिन प्रक्रिया अगले दिन सुबह के लिए टाल दी गई। शनिवार को शव की हालत देखकर परिजन हतप्रभ रह गए और वहीं हंगामा शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंच गए और मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने कहा कि मोर्चरी में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह नदारद है, जिससे शव भी सुरक्षित नहीं रखे जा पा रहे। उनका कहना था कि यदि स्टाफ ने समय पर निगरानी रखी होती, तो ऐसी शर्मनाक स्थिति पैदा न होती।

आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मोर्चरी की व्यवस्था की जांच और संबंधित कर्मचारियों के निलंबन की मांग की है। हंगामे के दौरान लंबे समय तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे विरोध और तेज होता गया।

इस घटना ने एक बार फिर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है और सवाल उठाया है कि आखिर मरीजों के बाद अब शव भी कितने सुरक्षित हैं?

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.