माधौगंज हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

Dec 17, 2025 - 11:03
Dec 17, 2025 - 11:04
 0  54

हरदोई (आरएनआई) थाना माधौगंज क्षेत्र में युवती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार और अहम सबूत बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 16 दिसंबर 2025 को ग्राम गुलाबनगर मजरा डकौली स्थित पंचायत भवन के पास कूड़ा घर के समीप एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर तत्काल पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर फील्ड यूनिट से साक्ष्य संकलन कराया गया तथा शव को नियमानुसार पंचायतनामा के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।

जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि घटना में संलिप्त आरोपी तपनौर रोड स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पुल के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी फुरकान पुत्र छोटे, निवासी ग्राम डकौली, थाना माधौगंज, जनपद हरदोई, दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा .315 बोर, तीन खोखा कारतूस तथा युवती मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए सीएचसी माधौगंज में भर्ती कराया गया है। घायल आरोपी का भी इलाज जारी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या की घटना स्वीकार कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)