न्यूयॉर्क में घर में लगी आग से भारतीय छात्रा की मौत, भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने जताया दुख
न्यूयॉर्क (आरएनआई)। अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य की राजधानी अल्बानी में घर में आग लगने की घटना में गंभीर रूप से घायल भारतीय छात्रा सहज रेड्डी उदुमाला का दुखद निधन हो गया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
24 वर्षीय सहज रेड्डी उदुमाला अल्बानी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही थीं। चार दिसंबर की सुबह उनके निवास स्थान पर भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और अंदर फंसे चार लोगों को बाहर निकाला। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से झुलसी सहज को आगे इलाज के लिए बर्न सेंटर में शिफ्ट किया गया।
चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद आग से हुए गंभीर घावों और अंग विफलता के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभ में पहचान गोपनीय रखी थी, बाद में परिवार द्वारा पुष्टि की गई कि पीड़िता सहज थीं।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस दर्दनाक घटना से वह स्तब्ध हैं और इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ खड़े हैं। दूतावास उनके प्रियजनों के संपर्क में है और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
सहज के चचेरे भाई रत्न गोपू ने अंतिम संस्कार, पार्थिव शरीर को भारत लाने और परिवार की मदद के लिए फंड जुटाने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि सहज अपने भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित और मेहनती छात्रा थीं, लेकिन आग की भयावह लपटों ने सबकुछ छीन लिया।
यह हादसा उन भारतीय परिवारों के लिए भी बड़ा आघात है जिनके बच्चे विदेशों में शिक्षा हासिल कर रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



