मथुरा (आरएनआई) श्रमिक समस्याओं के प्रति उदासीन मथुरा रिफाइनरी के वर्तमान कार्यकारी निदेशक मुकुल अग्रवाल के सांकेतिक पिंडदान की मजदूरों की घोषणा के बाद आंदोलन के सातवें दिन आज मथुरा रिफाइनरी के मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों ने पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट को वार्ता का प्रस्ताव भेजकर पिंडदान कार्यक्रम को रोकने का अनुरोध किया । वार्ता के लिए दिनांक 22.09.2025 सोमवार का दिन नियत किया गया है । आंदोलन के सातवें दिन आज भी रिफाइनरी मजदूरों ने काली पट्टी बांधकर काम किया । शाम पांच बजे ' पिंडदान ' के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रमिक रिफाइनरी मुख्यद्वार पर एकत्र हुए जिन्हें वार्ता प्रस्ताव से अवगत कराते हुए वरिष्ठ मजदूर नेता श्री शिवदत्त चतुर्वेदी ने सांकेतिक पिंडदान को स्थगित रखने की घोषणा की । यूनियन के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि वार्ता प्रस्ताव पर केवल पिंडदान स्थगित किया गया है और काली पट्टी बांधकर काम करते हुए विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा । उल्लेखनीय है कि पूर्व कार्यकारी निदेशक महोदय के यथाश्वसन श्रमिकों के साथ सेवा सुरक्षा के लिखित अनुबंध , छह माह के गेट पास, सभी को ग्रेच्युटी और लीव एनकेशमेंट, यातायात भत्ता आदि मांगों की कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा । वर्तमान कार्यकारी निदेशक पर श्रमजीवी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पारिश्रमिक चोरी के अपराध के स्थाई निराकरण हेतु तंत्र का विकास कराए बिना आंदोलन स्थगित नहीं होगा । इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीमती मधु शर्मा जी ने भी रिफाइनरी मुख्यद्वार पहुंचकर मजदूरों को आश्वस्त किया कि वेतन चोरी और अन्याय के विरुद्ध वे मजदूरों के साथ हैं तथा इस मामले में सरकार तथा आईओसीएल तक मजदूरों की बात वे जरूर पहुंचाएंगी । भाकपा माले के जिला मंत्री जीसस चतुर्वेदी एडवोकेट उत्कर्ष, यूनियन उपाध्यक्ष बी एम मेहता, भाकपा माले के पूर्व जिला मंत्री गिरधारीलाल चतुर्वेदी एडवोकेट, सिद्धार्थ मराठा एडवोकेट, बनवारी लाल एडवोकेट, राकेश रावत एडवोकेट, राहुल सिंह एडवोकेट आदि ने भी आंदोलन को अपना समर्थन व्यक्त किया । संचालन यूनियन सचिव जनक सिंह ने किया । टाउनशिप उपशाखा के अध्यक्ष दिलीप दुबे और कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण लवानिया ने सभी लोकसभा सदस्यों को प्रेषित पत्र की जानकारी मजदूरों को दी ।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X