अमेरिका गाजा में खोलेगा अतिरिक्त खाद्य केंद्र, ट्रंप बोले- इस्राइल संग मिलकर होगा राहत कार्य
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में भूख से मरते बच्चों की तस्वीरों को देखकर एक नई सहायता योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत अमेरिका और इस्राइल मिलकर अतिरिक्त खाद्य वितरण केंद्र चलाएंगे।
वाशिंगटन (आरएनआई) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका गाजा में मानवीय संकट से निपटने के लिए इस्राइल के साथ मिलकर अतिरिक्त खाद्य केंद्र चलाएगा। लेकिन उन्होंने या किसी अमेरिकी अधिकारी ने यह साफ नहीं किया कि यह योजना क्या होगी या यह पहले से चल रहे केंद्रों से कैसे अलग होगी।
ट्रंप ने स्कॉटलैंड की यात्रा से लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस्राइल इन अतिरिक्त खाद्य केंद्रों की देखरेख करेगा, ताकि खाना सही तरीके से बांटा जा सके। उन्होंने कहा, 'हम इस्राइल के साथ काम करेंगे, और हमें लगता है कि वे यह काम अच्छे से कर सकते हैं।'
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप प्रशासन पर अमेरिका और बाकी दुनिया की तरफ से यह दबाव बढ़ रहा है कि वह गाजा में भुखमरी और तकलीफ को खत्म करने के लिए और ज्यादा काम करे। इस्राइल, जो अमेरिका का करीबी साथी है, अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना कर रहा है, क्योंकि गाजा में कुपोषित बच्चों की कई दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं।
पिछले सप्ताह अमेरिका ने इस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम कराने की बातचीत से खुद को अलग कर लिया था, और हमास पर बातचीत में सहयोग न करने का आरोप लगाया था। लेकिन इस सप्ताह ट्रंप ने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से दूरी बना ली और गाजा में भूख से मरते बच्चों की तस्वीरें दिखाकर उनसे खुलकर असहमति जताई।
व्हाइट हाउस का कहना है कि यह एक नई सहायता योजना है, जिसका मकसद गाजा के लोगों तक खाना पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आगे की जानकारी जल्द दी जाएगी, लेकिन अभी कुछ विस्तार से नहीं बताया। विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने मंगलवार को कहा कि उन्हें इस नई योजना की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं राष्ट्रपति के लौटने का इंतजार कर रही हूं। मैं इससे आगे कुछ नहीं कह सकती।'
इस बीच, कांग्रेस में डेमोक्रेट नेताओं ने ट्रंप प्रशासन से अपील की कि वह गाजा में हो रही तकलीफ और भूख को खत्म करने में ज्यादा जिम्मेदारी ले। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को 40 से ज्यादा सीनेटरों ने एक पत्र पर दस्तखत किए, जिसमें ट्रंप सरकार से कहा गया कि वह युद्धविराम की बातचीत दोबारा शुरू करे और यह भी कहा गया कि जो संगठन पहले से इस्राइल के समर्थन से खाद्य वितरण कर रहे हैं, वे पर्याप्त नहीं हैं। सीनेटर टिम केन ने कहा, 'मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ने इस समस्या को माना है। लेकिन अगर हमें इसका हल चाहिए, तो हमें उन लोगों की मदद लेनी चाहिए जो वर्षों से ऐसा काम करते आ रहे हैं।'
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



