हिमाचल प्रदेश: मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
मनाली (आरएनआई) हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपई सोरेन के पोते और बाबूलाल सोरेन के पुत्र वीर सोरेन का यहां संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मनाली आए हुए थे और सिमसा क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे थे।
जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने मित्रों के साथ मनाली पहुंचे थे। 23 फरवरी को उन्होंने सोलंग और सेथन क्षेत्र का भ्रमण किया और शाम को होमस्टे लौट आए। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे आसपास घूमने के बाद वे वापस कमरे में आए, जहां वीर सोरेन सो गए। कुछ समय बाद जब उन्हें जगाया गया तो उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। इस पर साथियों ने ऑनलाइन माध्यम से दवाई मंगवाकर उन्हें दी।
दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक कमरे से गिरने की आवाज आई। साथी अंदर पहुंचे तो देखा कि वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे। उन्हें तुरंत गाड़ी से सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया, जहां रास्ते में उनके मुंह से झाग निकलने लगे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने काफी देर तक सीपीआर दी, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीर सोरेन अपने मित्र अग्नय वर्मा, निवासी उत्तर प्रदेश, के साथ मनाली आए थे। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि शव को शवगृह मनाली में रखवाया गया है और परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस घटना से न केवल परिजनों बल्कि राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक की लहर है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



